मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई करेगी छापामारी : अरविंद केजरीवाल

कहा, मुख्यमंत्री आतिशी को भी गिरफ्तार किया जाएगा

by TheUnmuteHindi
मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई करेगी छापामारी : अरविंद केजरीवाल

मनीष सिसोदिया के घर सीबीआई करेगी छापामारी : अरविंद केजरीवाल
कहा, मुख्यमंत्री आतिशी को भी गिरफ्तार किया जाएगा
नई दिल्ली, 7 जनवरी :दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने अपने सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि आगामी दिनों में भाजपा द्वारा बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। उन्होंनेे कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अगले कुछ दिनों में पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी करेगी। केजरीवाल ने ऐसे समय में यह आरोप लगाया है जब दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले महीने चुनाव होने हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए तीन प्रमुख राजनीतिक दल ‘आप’, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने कुछ निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नये साल के पहले सप्ताह में यहां के लोगों को दो बार संबोधित किया है। सीबीआई ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री के दावे पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैंने कुछ दिन पहले बोला था कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जी को गिरफ्तार किया जाएगा और ‘आप’ के कुछ नेताओं के घर पर छापेमारी की जाएगी। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, मनीष सिसोदिया जी के घर अगले कुछ दिनों में सीबीआई का छापा पड़ेगा।’ उन्होंने कहा कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव हार रही है, इसलिए ये गिरफ्तारियां और छापेमारी उनकी बौखलाहट का नतीजा है। केजरीवाल ने कहा, ‘अभी तक इन्हें हमारे खिलाफ कुछ नहीं मिला और आगे भी कुछ नहीं मिलेगा। आप एक कट्टर ईमानदार पार्टी है। उन्होने कहा कि चाहे जितनी भी छापामारी करवा लेंं, लेकिन लोग सच से वाकिफ हैं।
हम बहुत ईमानदार पार्टी हैं : प्रियंका कक्कड़
वहीं दूसरी ओर आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, हम बहुत ईमानदार पार्टी हैं…वे (भाजपा) हमेशा चुनाव से पहले हमारे नेताओं को गिरफ्तार करते हैं और हमें जानकारी है कि वे दिल्ली की सीएम आतिशी को भी गिरफ्तार करने जा रहे हैं। मनीष सिसोदिया के ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी होने वाली है और अन्य आप नेताओं को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। भाजपा घबरा गई है और उन्हें अपनी हार दिखाई दे रही है। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव हार रही है, इसलिए ये गिरफ्तारियां और छापेमारी उनकी बौखलाहट का नतीजा है।

You may also like