बैरिया, 01 दिसंबर 2025: सोमवार शाम गंडक नदी में बड़ा हादसा हो गया। कोईरपट्टी घाट के पास एक बड़ी नाव ने छोटी नाव को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छोटी नाव पलट गई और उसमें सवार 15 लोग सीधे नदी में जा गिरे।
छोटी नाव में दो युवक और बाकी ज्यादातर महिलाएं व बच्चे सवार थे। सभी मसानढ़ाब दियारा में खेतों से काम करके बैजुआ से कोईरपट्टी लौट रहे थे। हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ। घाट से महज सौ मीटर पहले ही यह टक्कर हुई।
ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और नदी में कूदकर लोगों को बचाना शुरू किया। 13 लोग किसी तरह बाहर निकल आए लेकिन दो छोटी बच्चियां अब तक लापता हैं। स्थानीय गोताखोर रात भर नदी में डूबकी लगाते रहे। मंगलवार सुबह से फिर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
बैरिया थाना पुलिस और अंचलाधिकारी मुकेश कुमार की टीम मौके पर डटी हुई है। अंचलाधिकारी ने बताया कि दोनों नावें प्राइवेट थीं। बड़ी नाव किनारे खड़ी थी जबकि छोटी नाव तेज बहाव में आई और उसका संतुलन बिगड़ गया।
ये भी देखे: मुजफ्फरपुर में फिर बाढ़ का खतरा, बागमती के बाद अब बूढ़ी गंडक उफान पर