उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे, सीएम योगी बोले, विकास और सुशासन से बदली पहचान

by Manu
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 18 मार्च 2026: उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के नौ साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगों और खराब कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता था। आज उसकी पहचान विकास सुशासन और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से होती है। सीएम योगी लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे जहां उन्होंने “नव निर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और विजनरी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम जनप्रतिनिधियों की सेवा भावना और जनता के सहयोग से यह परिवर्तन संभव हुआ। उन्होंने 25 करोड़ प्रदेशवासियों को उपलब्धियों के लिए बधाई दी और इसे सामूहिक शक्ति का प्रतीक बताया।

योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि यूपी में अब देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क है। सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है जिसमें लखनऊ कानपुर आगरा गाजियाबाद नोएडा ग्रेटर नोएडा और मेरठ शामिल हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में मेरठ में मेट्रो सेवा शुरू की। देश की पहली रैपिड रेल दिल्ली-मेरठ के बीच चालू हो चुकी है।

सीएम ने कहा कि वाराणसी में देश का पहला रोपवे बन रहा है। देश का पहला इनलैंड वाटरवे वाराणसी से हल्दिया के बीच उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। एयर कनेक्टिविटी में भी यूपी आगे है जहां 16 डोमेस्टिक एयरपोर्ट और चार इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालित हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 मार्च को देश के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के उद्घाटन के लिए न्योता भेज दिया गया है।

ये भी देखे: कैथल के सोंगल में प्राचीन तोपस्थली पहुंचे सीएम योगी, नाथ संप्रदाय को दी श्रद्धांजलि

You may also like