नागपुर, 03 सितंबर 2025: गैंगस्टर से राजनेता बने अरुण गवली को 17 साल जेल में बिताने के बाद बुधवार को नागपुर सेंट्रल जेल से रिहा कर दिया गया। 76 वर्षीय गवली को सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में जमानत दी थी। वह 2007 में शिवसेना कॉर्पोरेटर कमलाकर जमसांडेकर की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और एन. कोटिस्वर सिंह की बेंच ने गवली की उम्र और 17 साल से अधिक की कैद को ध्यान में रखते हुए जमानत मंजूर की। कोर्ट ने उनकी अपील पर अंतिम सुनवाई फरवरी 2026 में निर्धारित की है। गवली को महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत भी आरोपित किया गया था।
नागपुर सेंट्रल जेल के अधीक्षक वैभव एजेय ने बताया कि सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अरुण गवली को दोपहर करीब 12:30 बजे रिहा किया गया। जेल के बाहर उनके परिवार, वकील और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
ये भी देखे: कुख्यात गैंगस्टर मैनपाल बादली कंबोडिया से भारत लाया गया, सात लाख का था इनाम