जोड़ियां भट्ठियां चौक की श्री राम लीला में हुआ सीता हरण, देख दर्शकों की भीगी आंखें

by TheUnmuteHindi
जोड़ियां भट्ठियां चौक की श्री राम लीला में हुआ सीता हरण, देख दर्शकों की भीगी आंखें

– जोड़ियां भट्ठियां रॉयल यूथ क्लब और श्री राम लीला प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान वरुण जिंदल की देखरेख में आयोजित श्री राम लीला का छठा दिन, श्री राम व हनुमान जी के मिलन का दृश्य रहा मुख्य आकर्षण का केंद्र

पटियाला, 8 अक्टूबर -जोड़ियां भट्ठियां रॉयल यूथ क्लब और श्री राम लीला प्रबंधक कमेटी की ओर से प्रधान वरुण जिंदल की देखरेख में जोड़ियां भट्ठियां चौक में आयोजित श्री राम लीला के छठे दिन बहुत से सुंदर दृश्यों का मंचन किया गया। छठे नवरात्र को भगवान हनुमान के आगमन ने सारा माहौल भक्तिमय कर दिया। श्री राम लीला में सर्वप्रथम रावण और मारीच के बीच संवाद देखने को मिला। इसके पश्चात पंचवटी से रावण द्वारा माता सीता के हरण के प्रसंग को देखकर पंडाल में बैठे सभी लोगों की आंखों में आंसू आ गए।
इस दृश्य में सीता हरण के बाद लंका की तरफ जाते हुए रावण का मुकाबला जटायु से होता है, इसमें रावण के हाथों से जटायु बुरी तरह से घायल हो जाता है। उसे श्री राम के आगमन का इंतजार रहता है, ताकि वह रावण द्वारा सीता का हरण कर लंका ले जाने की सूचना दे सकें। इसी बीच श्रीराम का आगमन होता है, जो माता सीता के वियोग में व्याकुल हैं। जटायु उन्हें रावण द्वारा सीता हरण की सूचना देता है और प्राण त्याग देता है। इसके बाद रावण – नंदी संवाद ने दर्शकों की खूब तालियां बटौरी। माता सीता की खोज में श्री राम की माता शबरी से भेंट के दृश्य का मंचन किया गया। छठे नवरात्र के अवसर पर श्री राम और हनुमान जी के मिलन के सुंदर और मनमोहक दृश्य ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद श्री राम और सुग्रीव की भेंट, बाली वध, सीता माता की खोज, हनुमान जी का लंका पहुंचना और विभिषण से संवाद के दृश्यों का मंचन किया गया। श्री राम लीला में श्री राम का किरदार नीरज शर्मा, माता सीता का सोनाशी कौशल, लक्ष्मण का गौरव गोयल, भगवान शिव का प्रथम शर्मा, हनुमान जी का विक्की, रावण का दक्ष राजपूत, नंदी का लक्ष्य शर्मा, बाली का कशीश कपूर, सुग्रीव का आदित्य शर्मा, तारा का मोक्षा, विभिषण का रोहित गुप्ता रोकसी ने और कनुप्रिया, जस्सी, ऋतु, कणव, पार्थ भल्ला, अनमोल, जशन, दक्ष, शिवम, चेतन शर्मा व अंकित ने अपने-अपने किरदारों में अभिनय करके सभी का मन मोह लिया।

You may also like