CNG के दाम फिर बढ़े, 1.50 रुपये महंगी हुई गैस, अब एक किलो के 91.50 रुपये चुकाने होंगे

by Manu
CNG Price Hike

मुंबई, 15 नवंबर 2026: महंगाई से परेशान आम लोगों को एक बार फिर झटका लगा है। मुंबई और आसपास के इलाकों में रविवार 15 नवंबर से सीएनजी के दाम 1.50 रुपये प्रति किलो बढ़ गए हैं। इसके बाद एक किलो सीएनजी के लिए अब 91.50 रुपये चुकाने होंगे।

पिछले ढाई महीने में गैस की कीमतों में कुल 5.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। इसका सीधा असर ऑटो टैक्सी चालकों और निजी वाहन इस्तेमाल करने वालों की जेब पर पड़ेगा।

मुंबई में सीएनजी की कीमतों में यह इस साल की आठवीं बढ़ोतरी है। महानगर गैस लिमिटेड ने नई दरें 14 नवंबर की आधी रात से लागू कर दी हैं। इससे पहले 1 नवंबर को भी सीएनजी के दाम एक रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए थे।

इस साल जनवरी में मुंबई में सीएनजी की कीमत 80.50 रुपये प्रति किलो थी। अब यह बढ़कर 91.50 रुपये हो गई है। यानी जनवरी से अब तक एक किलो गैस 11 रुपये महंगी हो चुकी है। इस दौरान कीमतों में करीब 14 फीसदी का उछाल आया है।

एमजीएल के मुताबिक घरेलू प्राकृतिक गैस की उपलब्धता में कमी और गैस खरीदने की लागत बढ़ने के कारण कीमतों में इजाफा करना पड़ा है। कंपनी को अब अपनी जरूरत पूरी करने के लिए ज्यादा मात्रा में आयातित री-गैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस पर निर्भर रहना पड़ रहा है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस खरीदने की लागत भी बढ़ी है। कंपनी का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा पूरा करने में मदद मिलेगी और सीएनजी की सप्लाई जारी रखी जा सकेगी।

ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया

You may also like