चंडीगढ़, 15 नवंबर 2026: पंजाब में वर्ष 2004-05 के चावल खरीद घोटाले में CBI की विशेष अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने भारतीय खाद्य निगम के 14 अधिकारियों और 16 निजी राइस मिलर्स समेत कुल 30 आरोपियों को दोषी करार दिया है। अदालत ने सभी दोषियों को एक से तीन साल तक के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है।
अदालत ने दोषियों को भारतीय दंड संहिता के तहत आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी का दोषी पाया। एफसीआई के 14 अधिकारियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत भी दोषी ठहराया गया है।
सीबीआई के मुताबिक खरीफ सीजन 2004-05 के दौरान एफसीआई अधिकारियों और निजी राइस मिलर्स ने आपस में साजिश की। उन्होंने पंजाब के संगरूर जिले के मलेरकोटला सुनाम और टापा स्थित एफसीआई केंद्रों पर घटिया गुणवत्ता वाले चावल को ग्रेड-ए चावल बताकर स्वीकार किया। इसके बदले राइस मिलर्स को गलत तरीके से भुगतान किया गया जिससे एफसीआई को आर्थिक नुकसान हुआ।
सितंबर 2005 में सीबीआई की संयुक्त औचक जांच के दौरान यह गड़बड़ी सामने आई थी। चावल के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच से पुष्टि हुई कि उनकी गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके बाद सीबीआई ने 7 जनवरी 2006 को मामला दर्ज किया। जांच पूरी होने पर 28 नवंबर 2008 को तीन अलग-अलग चार्जशीट दाखिल की थीं।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया