चंडीगढ़, 13 नवंबर 2026: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ आज शुक्रवार से शुरू हो गया है। पहले दिन आज व्रती नहाय-खाय से पूजा शुरू करेंगे। शनिवार को उपवास के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे। रविवार को व्रती डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शुक्रवार को ट्वीट कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।”
लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोरों पर हैं। घाट से लेकर बाजार तक सज गए हैं। बिहार के अलावा दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी नदी किनारे घाट बनाए गए हैं। प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। महाराष्ट्र में भी छठ की तैयारी जोरों पर है।
हालांकि छठ को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाने और जुहू बीच पर छठ पूजा को लेकर विपक्षी पार्टियां विरोध कर रही हैं। उद्धव ठाकरे की शिवसेना और मनसे ने इसका विरोध किया है। उन्होंने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर छठ पूजा के मौके पर उत्तर भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं। सीएसएमटी और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाले यात्रियों को जानकारी देने के लिए बीच-बीच में गाने भी बजाए जा रहे हैं।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया