चंडीगढ़, 13 नवंबर 2026: अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को बड़ा सैन्य सम्मान दिया है जिसने वेटरन्स डे के कार्यक्रम के बाद उन्हें और उनके सहयोगियों को अनुशासन बनाए रखने की याद दिलाई थी। यह घटना अर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में अज्ञात सैनिकों की समाधि पर हुई थी। हेगसेथ ने खुद सैनिक की वर्दी पर मेडल लगाया और उससे हाथ मिलाया।
पेंटागन के मुताबिक रक्षा मंत्री हेगसेथ ने समाधि की सुरक्षा करने वाली अमेरिकी सेना की टुकड़ी को पेंटागन में आमंत्रित किया था। इस दौरान स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियास को जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 11 नवंबर 2026 को टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर में अपनी ड्यूटी निभाने के लिए दिया गया।
हेगसेथ ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इस सम्मान की तस्वीरें भी साझा कीं। तस्वीरों में वह सैनिक को मेडल लगाते और उससे हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम अनुशासन और मानकों का सम्मान करते हैं। बहुत अच्छा काम किया, स्पेशलिस्ट।”
बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में वेटरन्स डे का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके बाद हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और सहयोगियों के साथ समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवाने पहुंचे थे। उनके साथ चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबॉ शामिल थे।
तस्वीरें खिंचवाने के बाद वहां जोर से हंसने की आवाज सुनाई दी। इस पर समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक थॉमस इग्लेसियास ने हेगसेथ और उनके साथ मौजूद कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सभी को वहां की गंभीरता और मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया