पटना, 06 नवंबर 2026: बिहार की राजधानी पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मार गिराया। मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके दो साथी शामिल हैं। मुठभेड़ मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट पर हुई।
आरोपियों के शेरपुर गंगा घाट में छिपे होने की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के एक्शन से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस को भी बचाव में जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इसमें तीनों अपराधी ढेर हो गए। एनकाउंटर के दौरान मनेर थाना प्रभारी घायल हो गए।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर के पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने पहुंची। अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। उनकी गोली से मनेर थानाध्यक्ष घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से मारे गए।
घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गई हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस मुठभेड़ के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक अपराधियों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मनेर में हुई वारदात की घटना में भी इनकी संलिप्तता सामने आई थी। तीनों उस मर्डर केस में वांटेड थे। इसके अलावा दानापुर और शाहपुर सहित अन्य थानों में भी इनके विरुद्ध मामले दर्ज थे। अधिकारी ने कहा कि वारदात के बाद इलाके में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए रेड की जा रही है।
ये नहीं देखें: स्कूल लीडर्स के लिए सीजीसी लांडरां द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया