दिलजीत दोसांझ का ऑरा इंडिया टूर 2026 लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। 30 अक्टूबर को दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का आगाज हुआ। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से दिलजीत दोसांझ ने अपने ऑरा इंडिया टूर का आगाज किया जिसे लेकर पहले खतरे के बादल मंडरा रहे थे। कई रुकावटों के बाद आखिरकार दिलजीत का दिल्ली कॉन्सर्ट पूरा हुआ।
इस बीच इस कॉन्सर्ट को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी लिखने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का संपर्क प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस से जुड़े लोगों से था। उन्हें मेट्रो स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के बदले मोटी रकम देने का लालच दिया गया था। पुलिस अब इस साजिश के पीछे मौजूद हैंडलर्स और दूसरे लोगों की तलाश कर रही है।
दिल्ली में खालिस्तान समर्थक नारे लिखकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दो मामले सामने आए थे। 29 अक्टूबर 2026 को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास फर्श पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले। 30 अक्टूबर 2026 को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 की सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर इसी तरह की ग्रैफिटी मिली। दोनों जगह अंग्रेजी में लिखा गया था- DILJIT SINGH QUAM D GADDAR KHOON D BADLA SFJ KHALISTAN। इस नारे के जरिए एसएफजे और खालिस्तान विचारधारा का समर्थन करने की कोशिश की गई थी। मेट्रो स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगहों पर इस तरह के नारे लिखकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक महिला भी शामिल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज ने जांच शुरू की। इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार और इंस्पेक्टर परवीन कुमार की टीम ने एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में कार्रवाई की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए सबसे पहले सुमीत उर्फ रफ्तार की पहचान की गई। उसकी गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दो अन्य साथियों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने पंजाब में कार्रवाई करते हुए सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया।
ये भी देखे: 5 साल की बच्ची ने CM योगी को बुलडोजर टॉय गिफ्ट किया, योगी बोले- मन लगाकर पढ़ाई करना