लखनऊ, 27 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश में चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते हुए राज्य सरकार ने मौसम में बदलाव को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। राहत आयुक्त कार्यालय ने आम लोगों और किसानों के लिए सावधानी बरतने की सलाह जारी की है।
इन जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना
28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की आशंका है। कुछ क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
30 अक्टूबर को बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर के अलावा पूर्वांचल, अवध और तराई क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में भी आ सकती है गिरावट
मौसम में बदलाव के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन तेज हवाओं और बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की आशंका भी है।
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
प्रशासन ने लोगों को आंधी के दौरान पक्के भवनों में शरण लेने और पेड़ों, बिजली के खंभों तथा कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के पास जाने से बचने को कहा गया है।
किसानों को फसलों और कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है। लोगों से मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर नजर रखने की अपील भी की गई है।
यूट्यूब से कोडिंग सीख साइबर ठगों के लिए बनाने लगा APK फाइल, गोरखपुर से छात्र गिरफ्तार