रविवार को हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के पंजाबव्यापी ट्रॉफी टूर को मोहाली से दिखाई जाएगी हरी झंडी

by Manu
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी

मोहाली, 17 अक्टूबर 2026: पंजाब में जालंधर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय हीरो पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के प्रचार और लोगों को इस प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिता से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ट्रॉफी टूर की शुरुआत कल (रविवार), 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे, साहिबजादा अजीत सिंह नगर के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, फेज-10, सेक्टर-64, मोहाली से होगी। इस अवसर पर *अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों* द्वारा ट्रॉफी को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा ने बताया कि निदेशक, खेल, पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित किए जा रहे इस ट्रॉफी टूर का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता पैदा करना तथा युवाओं सहित आम लोगों में हॉकी के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ाना है।

जिला खेल कार्यालय द्वारा ट्रॉफी के प्रस्थान समारोह और इससे संबंधित गतिविधियों के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस दौरान हॉकी खिलाड़ियों की भागीदारी से एक प्रदर्शनी मैच करवाया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को ट्रॉफी के साथ यादगार तस्वीरें खिंचवाने का अवसर देने के लिए सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया जाएगा। समारोह को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

ट्रॉफी टूर के दौरान विभिन्न जिलों में स्वागत समारोह और प्रचार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साहिबजादा अजीत सिंह नगर से रवाना होने के बाद ट्रॉफी फतेहगढ़ साहिब होते हुए पटियाला पहुंचेगी। इसके बाद यह राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करेगी।

जिला प्रशासन ने खेल प्रेमियों, हॉकी खिलाड़ियों और युवाओं से इस पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि पंजाब में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।

ये भी देखे: पंजाब पहली बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा, सीएम मान ने सहयोग का दिया भरोसा

You may also like