अमेठी, 14 अक्टूबर 2026: अखिलेश यादव को विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। आज समाजवादी पार्टी के तीन बागी विधायकों ने बीजेपी का दामन थाम लिया। समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह बाहुबली विधायक अभय सिंह और विधायक विनोद चतुर्वेदी ने आज स्मृति ईरानी की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली।
राकेश प्रताप सिंह अमेठी की गौरीगंज सीट से विधायक हैं। अभय सिंह अयोध्या की गोसाईंगंज सीट से विधायक हैं। विनोद चतुर्वेदी जालौन की कालपी विधानसभा सीट से विधायक हैं। इन विधायकों ने 2022 में एसपी के टिकट पर चुनाव जीता था। लेकिन 2024 में राज्यसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार को वोट किया था।
बीजेपी ने इस बड़े ज्वॉइनिंग कार्यक्रम के लिए अमेठी को चुना है। इस कार्यक्रम में स्मृति ईरानी और यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है।
ये भी देखें: वाराणसी में आज सेवा संकल्प अभियान का समापन, नितिन नवीन और सीएम योगी की जनसभा