दिल्ली, 17 सितंबर 2026: दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की रफ्तार अभी धीमी है। 31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची से करीब 47.5 लाख नाम हटाए जाने के बाद 30 सितंबर तक चलने वाले दावे-आपत्तियों के 15 दिन बीत चुके हैं। लेकिन अब तक सिर्फ 62583 लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए फार्म छह भरा है।
चुनाव कार्यालय को उम्मीद है कि हटाए गए मतदाताओं में से कम से कम 10 प्रतिशत यानी करीब 4.75 लाख लोग इस अवधि में आवेदन करेंगे।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक 15 सितंबर तक 62583 फार्म छह जमा हुए हैं। हालांकि ड्राफ्ट सूची जारी होने से पहले ही दिल्ली में 2.12 लाख फार्म-6 जमा हो चुके थे। यानी दावे-आपत्तियों की शुरुआत के बाद नए आवेदनों की रफ्तार अपेक्षाकृत कम रही है।
जिलों के स्तर पर भी आवेदन संख्या में बड़ा अंतर है। पहले 15 दिनों में सबसे ज्यादा 7834 आवेदन पश्चिमी जिले से आए। इसके बाद उत्तर-पश्चिम में 6384 पूर्वी दिल्ली में 6297 उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 5585 और दक्षिण-पश्चिमी जिले में 5436 आवेदन हुए। नई दिल्ली जिले में सबसे कम 1203 आवेदन आए। पुराने दिल्ली क्षेत्र में 2547 मध्य में 2647 मध्य-उत्तर में 4188 और बाहरी उत्तर में 4287 आवेदन मिले।
ये भी देखे: चंडीगढ़ में मतदाता सूची से 66 हजार नाम कटे, 21 जुलाई को जारी होगा नया ड्राफ्ट