चंडीगढ़, 10 सितंबर 2026: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि नवंबर के मिडटर्म चुनाव में अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में बहुमत बरकरार रखती है तो हर बालिग अमेरिकी को 5000 डॉलर यानी करीब 4.76 लाख रुपये दिए जाएंगे।
डलास में रिपब्लिकन कन्वेंशन में ट्रम्प ने कहा कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा यानी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट दोनों में जीतते हैं तो आपको 5000 डॉलर मिलेंगे। उन्होंने इसे ट्रम्प डिविडेंड नाम दिया और कहा कि यह अमेरिका की आर्थिक ताकत और सफलता की वजह से दिया जाएगा।
ट्रम्प ने ये भी कहा कि डिविडेंड की रकम अमेरिका में ही खर्च करनी होगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इसके लिए पैसा कहां से आएगा भुगतान का दायरा क्या होगा और रकम किस तरह बांटी जाएगी।
अमेरिका में करीब 26.98 करोड़ वयस्क हैं। अगर सभी को 5000 डॉलर दिए जाएं तो कुल खर्च करीब 1.35 ट्रिलियन डॉलर होगा। यह रकम पाकिस्तान की पूरी अर्थव्यवस्था से करीब 3.3 गुना ज्यादा है। विश्व बैंक के 2025 के आंकड़े के मुताबिक पाकिस्तान की जीडीपी करीब 407.3 अरब डॉलर है।
हर बालिग अमेरिकी को 5000 डॉलर देने की योजना पर सरकार को एक ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। इसे लागू करने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी। यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब अमेरिका का सालाना बजट घाटा करीब 1.8 ट्रिलियन डॉलर है। इतनी बड़ी रकम बांटने से सरकारी घाटे और महंगाई को लेकर चिंता बढ़ सकती है। अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज पिछले महीने पहली बार 40 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया।
ये भी देखे: ट्रम्प की धमकी के बाद ईरानी टीम ने वार्ता बीच में छोड़ी, साथ फोटो खिंचाने से भी किया इनकार