चंडीगढ़, 09 सितंबर 2026: हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के साथ आज सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारी यूनियनों द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में लिए गए विभिन्न निर्णयों की एक माह बाद समीक्षा की जाएगी।
विज आज चंडीगढ़ में हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल कुमार राज्य परिवहन के निदेशक धीरेन्द्र खटगड़ा वित्त विभाग के अतिरिक्त सचिव हितेश मीणा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
विज ने कहा कि हमारे यहां बैठक होने के साथ ही मांगों पर कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। उन्होंने बताया कि ओवरटाइम बोनस आदि मांगों पर विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में लगभग 80 से 90 प्रतिशत मांगों पर सहमति बनी है।
परिचालकों के ग्रेड पे में बढ़ोतरी की मांग के संबंध में निर्णय लिया गया कि पड़ोसी राज्यों की व्यवस्था का अध्ययन कर मामला सरकार को भेजा जाएगा। इसी प्रकार लिपिकों की तर्ज पर परिचालकों को तीन वेतन वृद्धियां देने के संबंध में भी मामला वित्त विभाग को भेजा जाएगा। पदोन्नति के अवसरों के संबंध में विज ने कहा कि कर्मचारियों के लिए पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध होना आवश्यक है।
चालक एवं परिचालक के रिक्त पदों पर नई भर्ती की मांग के संबंध में विज ने कहा कि जल्द ही 700 परिचालकों के पद भरे जाएंगे। वहीं 2072 नियमित परिचालकों की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भेजने हेतु मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए मामला भेजा गया है। इसके अलावा अनिल विज ने अधिकारियों को जल्द से जल्द 700 परिचालकों की पदोन्नति करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि चालकों को हैवी पे ग्रेड देने तथा स्टैंड इंचार्ज का पद सृजित करने से संबंधित मामलों का पुनः अध्ययन कर उन्हें सरकार एवं वित्त विभाग को भेजा जाएगा।
ये भी देखे: जींद में हरियाणा रोडवेज की बस पलटी, पंचकूला से हिसार जा रही थी, 40 यात्री घायल