न्यूयॉर्क टाइम्स स्क्वायर में महिला ने 2 को चाकुओं से गोदा, 1 की मौत

by Manu
Times Square stabbing

चंडीगढ़, 01 सितंबर 2026: अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित टाइम्स स्क्वायर के पास सोमवार को एक महिला ने बेवजह दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक पुरुष बुरी तरह घायल हो गया जबकि एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने उस महिला को गोली मार दी। यह घटना शाम करीब 4:30 बजे न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक सबस्टेशन के पास हुई। यह जगह वन टाइम्स स्क्वायर बिल्डिंग के ठीक बाहर है। बता दें कि टाइम्स स्क्वायर में हमेशा पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है और यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक क्वींस की रहने वाली 49 साल की महिला ने शॉपिंग बैग से 2 चाकू निकाले। पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि उसने सबसे पहले 68 साल के एक आदमी पर हमला किया। वह आदमी सबवे स्टेशन से निकलकर अपनी पत्नी के साथ सड़क पार करने का इंतजार कर रहा था। चाकू उस शख्स के पेट में लगा। कुछ सेकंड बाद आरोपी ने 32 साल की एक महिला को भी पेट में चाकू मारा। दोनों पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया जहां महिला की मौत हो गई। अस्पताल ने बताया कि आदमी की हालत स्थिर है।

पुलिस ने यह नहीं बताया कि पीड़ित पर्यटक थे या शहर के निवासी थे। सोशल मीडिया पर आए वीडियो में दिख रहा है कि कम से कम 10 पुलिसकर्मी उस महिला के चारों ओर खड़े थे। उसके हाथ में रसोई में इस्तेमाल होने वाले 2 बड़े चाकू थे। अधिकारियों ने कई मिनट तक महिला को चाकू जमीन पर रखने के लिए समझाया फिर उन्होंने ‘टेजर’ का इस्तेमाल किया। जेसिका टिश के मुताबिक महिला ने कहा ‘मैं कुछ नहीं गिरा रही मैं तुम दोनों को मारना पसंद करूंगी।’ वीडियो में दिखता है कि टेजर काम नहीं आया। महिला चाकू लहराते हुए तेजी से पुलिसवालों की तरफ बढ़ी जिसके बाद 2 पुलिसकर्मियों ने उस पर गोली चला दी।

ये भी देखे: न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के बाहर तिब्बती प्रदर्शनकारी ने खुद को लगाई आग, हुई मौत

You may also like