चंबा, 03 अगस्त 2026: हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और आस्था का प्रतीक ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हो गया। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विशेष रूप से शिरकत की। पूरे चंबा शहर में भक्ति, संस्कृति और उल्लास का अनूठा माहौल रहा। स्थानीय निवासियों के साथ देश-विदेश के पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
समापन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक अखंड चंडी पैलेस से मंजरी गार्डन तक निकाली गई पारंपरिक मिंजर शोभायात्रा का स्वयं नेतृत्व किया। इस दौरान चंबा की सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक दिखी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे स्थानीय महिला-पुरुष, सांस्कृतिक दल, वाद्य यंत्र बजाते कलाकार तथा हिमाचल प्रदेश पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने पूरे मार्ग को जीवंत बना दिया।
सदियों पुरानी परंपरा का पालन करते हुए मुख्यमंत्री ने लाल वस्त्र में बंधे नारियल, मौसमी फल और सिक्के के साथ ‘मिंजर’ को पवित्र रावी नदी के जल में अर्पित किया। उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा अच्छी फसल की कामना की। स्थानीय देवी-देवताओं की भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सुख-शांति के लिए आशीर्वाद भी लिया।
ये भी देखे: किशाऊ जलविद्युत परियोजना का MOU जल्द होगा हस्ताक्षरित, सीएम सुक्खू ने हाई पावर कमेटी की मीटिंग ली