नोएडा, 28 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से नोएडा, मेरठ, गोंडा समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। सहारनपुर में तड़के 4 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई। 2 घंटे की मूसलाधार बारिश से सड़कों पर 2-3 फीट तक पानी भर गया। डीएम ऑफिस कैंपस में घुटनों तक पानी पहुंच गया।
ऑफिसर्स कॉलोनी में भी पानी घुस गया, जहां जिला जज, कमिश्नर और नगर आयुक्त जैसे बड़े अधिकारियों के आवास हैं। शहर की ज्यादातर कॉलोनियां तालाब में तब्दील हो गईं।
नोएडा में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। महिलाएं स्कूली बच्चों को कंधे पर बैठाकर ले जाती दिखीं। बाइकें आधी डूब गईं। मेरठ में विकास प्राधिकरण कार्यालय परिसर में पानी घुस गया। कैंप कार्यालय के बाहर पानी भरने से महापौर अंदर फंस गए।
रायबरेली में बारिश से खेत में 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गांव वालों ने देखा तो अंदर सुरंग मिली। मौके पर पहुंचकर ASI ने जांच शुरू कर दी है। मौसम विभाग (IMD) ने आज यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। 7 जिलों में बहुत भारी और 53 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। पहाड़ों में हो रही बारिश से गंगा, यमुना, घाघरा और सरयू नदियां उफान पर हैं।
लखीमपुर खीरी में कटान से 120 बीघा गन्ने की फसल शारदा नदी में समा चुकी है। बलिया में सरयू नदी का पानी गांवों में घुस गया है।
ये भी देखे: Weather News: जम्मू-कश्मीर में बारिश-बाढ़ का कहर, एक व्यक्ति बहा, असम में 21 मौतें