पटियाला: बुजुर्ग के घर पर कब्जे के मामले में पुलिस की ढीली कार्रवाई के कारण परिवार को मिल रही धमकियां

by Manu
patiala news

पटियाला, 25 जुलाई 2026: पटियाला-सनौर रोड़ स्थित संत हजारा सिंह नगर में कुछ दिन पहले बुजुर्ग जोगिंदर सिंह और उनकी पत्नी सुरजीत कौर के घर पर तरविंदर शर्मा तथा उसके परिवार द्वारा 20 से 25 के करीब निहंग सिंहों के साथ आकर कथित तौर पर कब्जा करने और परिवार के साथ मारपीट करने के मामले में आज जोगिंदर सिंह के पीडि़त परिवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पुलिस की ढिलाई के कारण आज भी उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

पीडि़त परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार का आरोप है कि घटना को करीब 10 दिन बीत जाने के बावजूद भी किसी भी आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीडि़त परिवार की सदस्य रुपिंदर कौर और मनदीप कौर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने थाना सनौर में लिखित शिकायत दी थी।

उनका कहना है कि पुलिस द्वारा बार-बार यह भरोसा दिया जा रहा है कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई नजर नहीं आई। उन्होंने कहा कि मामला तो दर्ज जरूर किया गया, लेकिन उसमें जान से मारने की कोशिश की धाराएं नहीं लगाई गईं, जिस कारण आरोपी अब उन्हेंधमका रहे हैं। परिवार के सदस्यों ने कहा कि उनके बुजुर्ग जोगिंदर सिंह पिछले कई दिनों से कुछ खा-पी भी नहीं रहे हैं। वह सिर्फ तरल आहार ही ले सकते हैं क्योंकि उनका जबड़ा तोड़ दिया गया था।

रुपिंदर कौर ने बताया कि न्याय की मांग को लेकर उन्होंनेमानवीय अधिकार कमीशन (ह्यूमन राइट्स), महिला सेल, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एस.जी.पी.सी.) तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी लिखित शिकायतें भेजी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन व्यक्तियों ने कथित तौर पर घटना को अंजाम दिया, उनके नाम और पते पुलिस के पास मौजूद हैं, फिर भी उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।

पीडि़त परिवार ने कहा कि इस कारण उनमें डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। मनदीप कौर ने कहा कि यदि पंजाब में महिलाएं ही अपने घरों में सुरक्षित नहीं हैं तो यह बहुत चिंता की बात है। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई कर परिवार को न्याय दिया जाए। उधर, पीडि़त परिवार का कहना है कि थाना सनौर के पुलिस कर्मचारियों द्वारा उन्हें यह कहा जा रहा है कि जांच जारी है और कार्रवाई की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई परिणाम सामने नहीं आया।

ये भी देखे: पटियाला के राजेंद्र जिमखाना एंड महिंद्रा क्लब में दो-दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

You may also like