आगरा, 25 जुलाई 2026: सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार से आगरा के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे 342 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 53 बड़ी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री फतेहाबाद रोड स्थित टाटा मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। शनिवार दोपहर 3:40 बजे वे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। सबसे पहले विभागों द्वारा लगाई गई सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी देखेंगे।
इसके बाद कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे और नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
जनसभा के बाद योगी शाम 4:55 बजे कमिश्नरी सभागार पहुंचेंगे, जहां वे करीब एक घंटे तक प्रशासनिक और विभागीय कामों की समीक्षा बैठक लेंगे। शाम 6 बजे वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
टाटा मैदान और खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज परिसर में दो हेलीपैड तैयार किए गए हैं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री 50.06 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हो चुकी 17 विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण करेंगे। इनमें बंदियों की सुविधा के लिए जिला कारागार में लगभग 8 करोड़ रुपये से बनी नई बैरक शामिल है।
इसके अलावा खंदारी बापू नगर में 57 लाख रुपये से बनी सीसी सड़क, 4.86 करोड़ रुपये से पालीवाल पार्क का विकास और सौंदर्यीकरण तथा सिकंदरा में करोड़ों रुपये की लागत से बनी आरसीसी पुलिया और डक्ट का उद्घाटन भी होगा।
ये भी देखे: सीएम योगी आज पश्चिमी यूपी को देंगे 2,452 करोड़ रुपये की सौगात, 255 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास