लखनऊ, 13 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की है। अब उन्हें 1 करोड़ 60 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल बीमा और 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।
यह सुविधा बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के करीब 12 लाख शिक्षकों तथा नॉन-टीचिंग स्टाफ को दी जाएगी। शिक्षामित्र, अनुदेशक और रसोइयों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
योजना के तहत अगर किसी शिक्षक की सड़क, रेल या हवाई दुर्घटना में मौत हो जाती है तो उनके नामित व्यक्ति को 1.60 करोड़ रुपये तक की बीमा राशि मिलेगी। स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में भी तय नियमों के अनुसार बीमा लाभ दिया जाएगा। सामान्य बीमारी या हार्ट अटैक से होने वाली मौत इस बीमा के दायरे में नहीं आएगी।
कैशलेस इलाज की सुविधा “मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना” के अंतर्गत मिलेगी। इसके तहत शिक्षक और उनके आश्रित परिवार के सदस्य सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और SACHIS से जुड़े निजी अस्पतालों में हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करा सकेंगे। यह सुविधा प्रतिवर्ष नवीनीकरण योग्य होगी।
योजना का संचालन SACHIS (स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज) करेगा। यह सुविधा SBI के कॉरपोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के अंतर्गत दी जाएगी।
ये भी देखें: UP: 1.60 लाख से अधिक होमगार्ड और उनके परिजनों को मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज