चंडीगढ़, 10 जुलाई 2026: उत्तर प्रदेश में रविवार (12 जुलाई) को ‘महावृक्षारोपण 2026’ अभियान की शुरुआत हो गई। इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।
अभियान की थीम ‘एक पेड़ मां के नाम’ रखी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अभियान का शुभारंभ करते हुए पौधारोपण किया।
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “वृक्षारोपण ईश्वरीय कार्य है। यह सृष्टि की सेवा, मानवता की उपासना और भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है। इसी पावन भावना के साथ आज शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की तपोभूमि गोरखपुर से ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि 26 राजकीय विभागों के समन्वित प्रयासों से एक ही दिन में 35 करोड़ पौधारोपण का यह ऐतिहासिक अभियान पवित्र त्रिवेणी के रोपण, विकास वाटिका की स्थापना, किसानों को कार्बन क्रेडिट प्रमाण-पत्र वितरण और मौलश्री के पौधरोपण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण को जनभागीदारी का विराट उत्सव बनाएगा।
सीएम योगी ने अपील की, “आइए, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर हरित, समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश के इस ‘जन-महायज्ञ’ का हिस्सा बनें।”
मुख्यमंत्री ने प्रकृति के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरणीय दायित्व नहीं, बल्कि कृतज्ञता का भाव है। हम पृथ्वी को माता, नदियों को जीवनदायिनी और वृक्षों को प्राणवायु का आधार मानते हैं।
ये भी देखे: “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत हरियाणा में लगेंगे 1 करोड़ 86 लाख पौधे- सीएम सैनी