अयोध्या, 19 जून 2026: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उनके दोहरे चरित्र को उजागर किया। योगी ने कहा कि विपक्षी लोग कभी अयोध्या और राम का नारा लगाने पर गोली चलवाते थे। आज वही लोग रामभक्तों का अपमान होने का रोना रो रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “राम मंदिर न बन पाए इसके लिए कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। सुप्रीम कोर्ट में बेशर्मी से कह दिया था कि राम हुए ही नहीं। आज वही कांग्रेस अयोध्या पर मचल रही है।”
समाजवादी पार्टी पर भी सवाल उठाते हुए योगी ने कहा, “सपा के दोहरे चरित्र को देखिए। कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले लोग आज राम भक्तों का अपमान हुआ है का उपदेश देने निकल पड़े हैं।”
मुख्यमंत्री ने चढ़ावा चोरी मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या के समाचार पत्रों में छपी खबरों के आधार पर ट्रस्ट की अपील पर एसआईटी जांच बैठाई गई है। एसआईटी पूरी निष्पक्षता से जांच करेगी और दूध का दूध पानी का पानी कर देगी।
योगी ने सभी पक्षों से अपील की कि कोई भी अनर्गल टिप्पणी न करें जो रामभक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाए।
ये भी देखे: श्रीराम मंदिर चंदा चोरी मामला: 1250 कीमती श्रीराम शिलाएं गायब, धर्मसेना प्रमुख का दावा