दिल्ली, 8 जून 2026: पश्चिम बंगाल के बाद अब दिल्ली भी ममता बनर्जी के लिए दूर होती नजर आ रही है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) में चल रही उठापटक के बीच पार्टी के 14 सांसदों ने केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र यादव के आवास पर उनसे मुलाकात की।
खास बात यह है कि इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार शुभेंदु अधिकारी आज ही दिल्ली पहुंचे थे। बैठक में भाजपा नेता और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव भी शामिल हुए।
इसके अलावा राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय से पांच TMC सांसद मिलने पहुंचे। बता दें कि सुखेंदु शेखर रॉय ने आज ही राज्यसभा की सदस्यता के साथ-साथ TMC की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दिया है।
सुखेंदु शेखर रॉय से मुलाकात करने वाले सांसदों में बर्दवान पूर्व से शर्मिला सरकार, हावड़ा से प्रसून बनर्जी, कूचबिहार से जगदीश बसुनिया, झारग्राम से कालिपद सोरेन और बांकुरा से अरूप चक्रवर्ती शामिल हैं।
ये भी देखे: TMC को लगा एक और बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर रॉय ने इस्तीफा दिया