नारनौल, 8 जून 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को नारनौल में भाजपा के जिला कार्यालय (नमो कमल) का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए नायब सैनी ने कहा कि सत्ता हमारे लिए सुख भोगने का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा दक्षिण हरियाणा के साथ किए गए भेदभाव को वर्तमान सरकार ने समाप्त किया है। राज्य सरकार ने विकास कार्यों में क्षेत्रीय असमानता को दूर करते हुए ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ की भावना को व्यावहारिक रूप से लागू किया है।
इससे पहले उन्होंने पार्टी का झंडा फहराया तथा हवन यज्ञ में आहुति दी। समारोह की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने च्यवन ऋषि की तपोभूमि को नमन करते हुए कहा कि यह वही भूमि है जिसने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए समय-समय पर अपने वीर सपूतों का सर्वोच्च बलिदान दिया है। महेंद्रगढ़ के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि नारनौल और महेंद्रगढ़ क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। क्षेत्र में लॉजिस्टिक हब सहित अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि नये संगठनात्मक केंद्र का उद्घाटन उनके लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने महेंद्रगढ़ जिले के सभी कार्यकर्ताओं को नए जिला कार्यालय की स्थापना पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक दलों के लिए कार्यालय केवल ईंट, पत्थर, सीमेंट और गारे से निर्मित भवन नहीं होते, बल्कि संगठन की आत्मा और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के केंद्र होते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए कार्यालय एक पवित्र संगठन मंदिर है, जहां से राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया जाता है तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाएं पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जाता है।
ये भी देखे: नारनौल में ग्रीवेंस कमेटी की बैठक, मंत्री ने सरपंच को सस्पेंड करने के दिए आदेश