बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 15 कर्मचारियों को मिला लंबित सेवांत लाभ

by Manu
बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड

पटना, 01 अप्रैल 2026: बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के 15 कर्मचारियों को वर्षों से लंबित सेवांत लाभ (रिटायरमेंट बेनिफिट) का भुगतान आखिरकार कर दिया गया है। बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में संबंधित कर्मचारियों को सेवांत लाभ के चेक सौंपे।

लंबे समय से लंबित इस भुगतान के पूरा होने से कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। चेक प्राप्त करते ही कई कर्मचारियों के चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता साफ नजर आई।

कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों पुरानी आर्थिक परेशानी अब खत्म हो गई है।

इस अवसर पर अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने कहा, “कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा बोर्ड की प्राथमिकता है। भविष्य में किसी भी कर्मचारी का वैधानिक लाभ लंबित नहीं रहने दिया जाएगा।”

कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सचिव नीरज कुमार ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि संस्थान की कार्य संस्कृति भी और मजबूत होगी।

ये भी देखे: बिहार बोर्ड 12वीं रिजल्ट 2026 जारी, 26 टॉपर में 19 लड़कियां, यहां रिजल्ट करे चेक

You may also like