यमुनानगर, 31 मार्च 2026: इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की जठलाना स्थित Trenox Laminate कंपनी (प्लाइवुड फैक्ट्री) पर देर रात अंधाधुंध फायरिंग की घटना हुई है।
रात करीब 10 बजे दो बाइक सवार युवकों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट पर अचानक हमला बोल दिया। दोनों बदमाशों के चेहरे ढके हुए थे और उनके पास हथियार थे।
आते ही उन्होंने गेट की तरफ लगातार करीब 8 राउंड गोलियां चलाई। गोलियां गेट को चीरती हुई अंदर खड़े ट्रक तक जा पहुंचीं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री के मजदूरों में दहशत फैल गई। फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसपी कमलदीप गोयल ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस ने मौके से 8 खाली कारतूस बरामद किए हैं। इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी देखे: पानीपत के असंध रोड पर सरेआम फायरिंग, मनी एक्सचेंज सेंटर पर बदमाशों ने की अंधाधुंध गोलीबारी