हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में अब रियल टाइम दवा रिकॉर्ड, बाहर दवा लिखने पर डॉक्टर को देनी होगी सफाई

by Manu
Haryana Government Hospitals

चंडीगढ़, 30 मार्च 2026: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश दिए कि अब सभी सरकारी अस्पतालों में दवाओं का रिकॉर्ड रियल टाइम सेंट्रलाइज्ड पोर्टल पर अपडेट होगा। इससे डॉक्टरों को तुरंत पता चल जाएगा कि किस अस्पताल में कौन-सी दवा उपलब्ध है।

सीएम सैनी ने कहा कि अगर कोई डॉक्टर मरीज की ओपीडी स्लिप पर बाहर की दवा लिखता है, तो उसे लिखित रूप में यह बताना होगा कि अस्पताल में वह दवा उपलब्ध क्यों नहीं है। इसकी जवाबदेही संबंधित अस्पताल के सीएमओ की होगी।

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, ओपीडी प्रबंधन, डॉक्टरों व स्टाफ की तैनाती, दवा व उपकरणों की खरीद प्रक्रिया तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की।

सीएम सैनी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सरकारी अस्पताल आने वाले हर मरीज को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए।

उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाएं, उपकरण और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ये भी देखे: CM नायब सैनी ने पश्चिम एशिया संकट से उत्पन्न स्थिति का मिलकर सामना करने की अपील की

You may also like