चंडीगढ़, 30 मार्च 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। गोहाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि गोहाना में एक आधुनिक खेल स्टेडियम बनाया जाएगा।
सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा आयोजित इस जनसभा में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
– सोनीपत रोड पर भूमि उपलब्ध होने पर शिवधाम का निर्माण
– महम रोड पर नया 33 के.वी. सब-स्टेशन स्थापित करना
– खानपुर कला में 33 के.वी. सब-स्टेशन को अपग्रेड करना
– जनगणना, परिसीमन और एस.आई.आर. का कार्य पूरा होने के बाद खानपुर कलां सब-तहसील को तहसील में अपग्रेड करना
– बरोदा और फरमाना को सब-तहसील बनाने की घोषणा
– ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव पर गांव गढ़ी उजालेखां का नाम बदलकर कृष्ण नगर और गांव गढ़ी नामदारखां का नाम सुंदर नगर रखना
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ड्रेन नंबर 8 पर भगवान परशुराम विरासत पार्क के साथ जॉगिंग ट्रैक बनाने और पी.पी.पी. मोड पर कमर्शियल के साथ मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की भी घोषणा की।
सीएम सैनी ने भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में पी.पी.पी. मोड पर एक कार्डियक कैथ लैब बनाने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग बनने के बाद अकादमिक सत्र 2027-28 से यहां फिजियोथैरेपी कॉलेज की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।