चंडीगढ़, 14 मार्च 2026: राज्यसभा चुनाव में जोड़-तोड़ की आशंका को देखते हुए हरियाणा कांग्रेस ने अपने विधायकों को हिमाचल प्रदेश भेज दिया है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर हुई बैठक और लंच के बाद 31 विधायक तीन लग्जरी टेंपो ट्रैवलर में रवाना होकर शिमला के कुफरी पहुंचे। वहां गलू स्थित एक रिजॉर्ट में उन्हें ठहराया गया है। हुड्डा और चंद्रमोहन समेत छह विधायक चंडीगढ़ में ही रहे।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे विधायक शिमला होते हुए कुफरी के रिजॉर्ट में पहुंचे। हिमाचल की सुक्खू सरकार ने विधायकों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रिजॉर्ट के आसपास पुलिस बल तैनात है और कोई बाहरी व्यक्ति बिना अनुमति के अंदर नहीं जा सकता।
विधायकों को कुफरी भेजे जाने के सवाल पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्हें नहीं मालूम कि कौन विधायक कहां गया है। उन्होंने कहा कि 16 मार्च को सभी विधायक एकजुट होकर मतदान करेंगे और कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे।
चंडीगढ़ के सेक्टर-7 स्थित हुड्डा आवास पर शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे से विधायक बैठक में पहुंचना शुरू हुए। प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद जयप्रकाश, राज्यसभा प्रत्याशी कर्मवीर सिंह बौद्ध सहित सभी 37 विधायक बैठक में मौजूद रहे।
ये भी देखे: हरियाणा कांग्रेस में विवाद, कांग्रेस ने महासचिव सुचित्रा देवी को पार्टी से निकाला