प्रयागराज, 14 मार्च 2026: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को संगम नगरी आगमन पर विपक्ष के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। पुलिस लाइन हेलीपैड और सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत के बीच पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर घटिया राजनीति करने का आरोप लगाया।
गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर देश में फैल रही खबरों पर डिप्टी सीएम ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘अफवाह गांधी’ और ‘अफवाह यादव’ विपक्ष के ये नेता केवल दुष्प्रचार कर रहे हैं ताकि जनता में भ्रम और डर पैदा हो। वैश्विक संकट की इस घड़ी में उन्हें देश के साथ खड़ा होना चाहिए था लेकिन वे अपनी राजनीति चमका रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि आने वाले समय में अफवाह फैलाने वाले इन दोनों नेताओं का हम बाजा बजा देंगे। उन्होंने कहा कि जनता सब समझ रही है और ऐसे दुष्प्रचार करने वालों को जवाब देगी।
गैस की किल्लत के दावों को पूरी तरह नकारते हुए उन्होंने आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि पहले जहां प्रतिदिन 55 लाख सिलेंडर बुक होते थे वहीं अब यह संख्या बढ़कर 75 लाख तक पहुंच गई है। इसका मतलब है कि आपूर्ति सुचारू है और लोग पहले से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं। सरकार हर नागरिक तक सिलेंडर पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
ये भी देखे: केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, हेलीकॉप्टर में भरा धुआं