चंडीगढ़, 13 मार्च 2026: पश्चिमी एशिया में बने युद्ध जैसे हालात के बीच रसोई गैस की संभावित किल्लत को लेकर फैली अफवाहों पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है। कोई कमी नहीं है।
सीएम सैनी ने बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक की गई। तेल कंपनियों ने स्पष्ट आश्वासन दिया है कि राज्य में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू एलपीजी की आपूर्ति निरंतर जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “कुछ लोग घरेलू एलपीजी गैस की कमी की अफवाह फैला रहे हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि हरियाणा में घरेलू सिलेंडरों की कोई किल्लत नहीं है। सभी एजेंसियों पर डिलीवरी नियमित रूप से हो रही है।”
कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। तेल कंपनियां शेष आपूर्ति सुचारु करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।
सीएम सैनी ने सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई की जाए।