पंजाब में गैस संकट, घरेलू सिलेंडर भी नहीं मिल रहे, अमृतसर-लुधियाना में झड़प और छीनाझपटी

by Manu
LPG गैस सिलेंडर

चंडीगढ़, 13 मार्च 2026: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का असर पंजाब में अब गहरा गया है। कुकिंग गैस की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है। दो दिन पहले तक केवल कमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद हुई थी लेकिन अब घरेलू गैस भी आसानी से नहीं मिल रही। कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और लोग घंटों इंतजार कर रहे हैं।

अमृतसर के इस्लामाबाद इलाके में देश भगत गैस एजेंसी पर आज सुबह मैनेजर और ग्राहक मनोज कुमार के बीच सिलेंडर को लेकर झड़प हो गई। मनोज ने आरोप लगाया कि वह दो दिन से बुकिंग करवा रहा है लेकिन सिलेंडर नहीं मिल रहा। बहस बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली गई।

लुधियाना के शांति नगर में रमेश कुमार ने बताया कि वह एक परिचित के पास से सिलेंडर लेकर घर जा रहे थे। रास्ते में एक्टिवा पर सवार दो युवकों ने उनका सिलेंडर छीन लिया। रमेश ने कहा कि सिलेंडर मिलना मुश्किल है इसलिए मजबूरन किसी से उधार लेकर ला रहे थे लेकिन रास्ते में ही छीन लिया गया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सरकार और प्रशासन बार-बार आश्वासन दे रहे हैं कि घरेलू सिलेंडर की कोई कमी नहीं है लेकिन हकीकत इससे अलग है। ऑनलाइन बुकिंग की इतनी कोशिशें हो रही हैं कि गैस कंपनियों के सर्वर ठप हो गए हैं। वन टाइम पासवर्ड (OTP) नहीं आ रहा जिससे बुकिंग कंफर्म नहीं हो पा रही।

सरकार ने पहले ही केवल ऑनलाइन बुकिंग पर ही सिलेंडर डिलीवरी का निर्देश जारी किया था। इसलिए जो लोग पहले बुकिंग कर चुके हैं वे भी एजेंसियों के बाहर खाली सिलेंडर लेकर लाइनों में लगे हैं लेकिन उन्हें भरा सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। कई एजेंसियों पर ताले लगे हैं या संचालक उपलब्ध नहीं हैं।

ये भी देखे: पंजाब विधानसभा बजट सत्र में गैस सिलेंडर संकट पर हंगामा, निंदा प्रस्ताव पेश, कल वोटिंग

You may also like