लखनऊ, 11 मार्च 2026: राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह से छाई घनी धुंध के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दृश्यता इतनी कम हो गई कि कई उड़ानें लैंड नहीं कर सकीं और कुछ को डायवर्ट करना पड़ा। साथ ही ईरान-इजराइल युद्ध के कारण खाड़ी देशों की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रद्द कर दी गईं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार सुबह से धुंध की वजह से विजिबिलिटी काफी कम रही। हैदराबाद से लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 608 सुबह 8:05 बजे निर्धारित समय पर पहुंची लेकिन लो विजिबिलिटी के कारण एटीसी ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
इसके अलावा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय कई उड़ानें घंटों की देरी से रवाना हुईं।
– लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो उड़ान 6ई 2108 सुबह 6:10 बजे की बजाय करीब 1 घंटे की देरी से रवाना हुई।
– लखनऊ से दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस उड़ान एक्सवाई 897 सुबह 6:15 बजे की बजाय 9:05 बजे उड़ान भर सकी।
– लखनऊ से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो उड़ान 6ई 325 सुबह 8:45 बजे की बजाय 10 बजे रवाना हुई।
ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध के कारण खाड़ी देशों की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बुधवार को भी रद्द रहीं।
ये भी देखे: केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, हेलीकॉप्टर में भरा धुआं