राज्यसभा जाने से पहले बख्तियारपुर दौरे पर नीतीश कुमार, विकास कार्यों का लिया जायजा

by Manu
नीतीश कुमार

बख्तियारपुर, 07 मार्च 2026: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य बनने की तैयारी में हैं लेकिन पद छोड़ने से पहले भी वे सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार 7 मार्च को उन्होंने अपने गृह क्षेत्र बख्तियारपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर इंजीनियरिंग कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रही योजनाओं की समीक्षा की। इसके अलावा निर्माणाधीन बख्तियारपुर-ताजपुर पुल परियोजना का भी जायजा लिया। रेल ओवरब्रिज और श्री गणेश हाई स्कूल के नए भवन का भी दौरा किया। कुछ कार्यों में देरी देखकर वे नाराज हुए और समय पर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

इस दौरे में जदयू कोटे के मंत्री विजय चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की और परिवार के सदस्यों से भी समय बिताया। यह दौरा राज्यसभा नामांकन के बाद उनका पहला प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रम था।

नीतीश कुमार ने गुरुवार 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी पटना पहुंचे थे। एनडीए के अन्य उम्मीदवारों ने भी पर्चे भरे। नीतीश कुमार पहले विधानसभा विधायक एमएलसी लोकसभा सांसद रह चुके हैं लेकिन राज्यसभा में पहली बार जा रहे हैं।

ये भी देखे: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कल जदयू ज्वाइन करेंगे, पटना में लगे स्वागत के पोस्टर

You may also like