खामेनेई की हत्या पर भारत सरकार की चुप्पी से हैरान, यह जिम्मेदारी से पीछे हटना – सोनिया गांधी

by Manu
सोनिया गांधी

नई दिल्ली, 03 मार्च 2026: कांग्रेस की राज्यसभा सांसद और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या पर भारत सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की यह चुप्पी हैरान करने वाली है। यह तटस्थता नहीं बल्कि जिम्मेदारी से पीछे हटना है।

मंगलवार को इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित अपने लेख में सोनिया गांधी ने लिखा कि 1 मार्च को ईरान ने पुष्टि की कि उसके सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह खामेनेई की एक दिन पहले अमेरिका और इजराइल के टारगेटेड हमलों में हत्या कर दी गई। जब दो देशों के बीच डिप्लोमैटिक बातचीत चल रही हो तब एक मौजूदा राष्ट्राध्यक्ष की हत्या अंतरराष्ट्रीय संबंधों में गंभीर दरार पैदा करती है।

सोनिया ने कहा कि भारत सरकार ने न तो हत्या की निंदा की और न ही ईरान की संप्रभुता के उल्लंघन पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका-इजराइल के हमलों को अनदेखा किया। उन्होंने केवल यूएई पर ईरान की जवाबी कार्रवाई की निंदा की। बाद में पीएम ने ‘गहरी चिंता’ जताई और ‘बातचीत व कूटनीति’ की अपील की लेकिन हमला उस समय हुआ जब कूटनीतिक प्रक्रिया जारी थी।

उन्होंने लेख में भारत-ईरान के सभ्यतागत और रणनीतिक संबंधों का जिक्र किया। ईरान ने कई मौकों पर भारत की मदद की है। सोनिया ने कहा कि ऐसी स्थिति में भारत की चुप्पी विदेश नीति की दिशा और विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है। यह मौन इस घटना की निंदा न करने के बराबर है और इसे मौन सहमति माना जा सकता है।

सोनिया गांधी ने संसद के बजट सत्र के दूसरे हिस्से में इस मुद्दे पर खुली बहस की मांग की है।

ये भी देखे: सोनिया गांधी को अस्पताल से मिली छुट्टी, सर गंगाराम अस्पताल में थी भर्ती

You may also like