चिट्टा और गैंगस्टरवाद अकाली दल की ही देन, बादल का बयान पंजाबियों के साथ एक मजाक – बलतेज पन्नू

by Manu
बलतेज पन्नू

चंडीगढ़, 26 फरवरी 2026: आप पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर तीखा हमला बोला है. बादल ने कहा कि उनकी सरकार आने पर पहली मीटिंग में ड्रग तस्करों और गैंगस्टरों को ‘आतंकवादी’ घोषित किया जाएगा।

पन्नू ने कहा कि सुखबीर बादल शायद इस गलतफहमी में हैं कि पंजाब के लोग 2007 से 2017 के काले दौर को भूल चुके हैं। सच्चाई यह है कि पंजाब की धरती पर ड्रग्स (चिट्टा) और गैंगस्टरवाद के बीज अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ही बोए गए।

बलतेज पन्नू ने कहा कि 2007 से पहले पंजाब ने कभी ‘गैंगस्टर’ शब्द नही सुना था। सुखबीर बादल के राज में ही अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिला। अमृतसर में अपनी बेटी की इज्जत बचाते हुए जब एक एएसआई की हत्या की गई, तो अकाली दल से जुड़े लोगों ने सरेआम भांगड़ा डाला था।

पन्नू ने सवाल किया कि नाभा जेल ब्रेक कांड किसके समय हुआ? फरीदकोट में सरेआम नाबालिग लड़की का अपहरण किसने किया? यह सब अकाली दल के गुंडाराज की निशानियां हैं जो अपराधी उस समय महंगी गाड़ियों पर हूटर और स्पीकर लगाकर बेखौफ घूमते थे, वही आगे चलकर गैंगस्टर बने।

बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार आज ईमानदारी से नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ युद्ध लड़ रही है।

पन्नू ने कहा कि पंजाब के लोग कभी नहीं भूल सकते कि बादल राज में बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी हुई। जब लोग शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे, तो उन पर गोलियां किसने चलवाईं? कोटकपुरा गोलीकांड में आज सुखबीर बादल खुद जमानत पर बाहर हैं। इतना ही नहीं, सिख पंथ की महान हस्तियां और खुद श्री दरबार साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी रघबीर सिंह जी अकाली परिवार पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन सुखबीर बादल ने इस पर गहरी चुप्पी साधी हुई है।

ये भी देखे: सरकारी गाड़ियों में ‘चिट्ठा’ ढोने वाले फिजूलखर्ची का उपदेश न दें, जनता को सब याद है – बलतेज पन्नू

You may also like