जालंधर, 25 फरवरी 2026: जालंधर के कालियां कॉलोनी स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने बुधवार देर रात एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में शिव नगर निवासी सौरव सिंह को पेट में गोली लगी है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।
घायल सौरव के छोटे भाई बोबी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनका परिवार टूर एंड ट्रैवल का काम करता है। दफ्तर बल अस्पताल के पास ही है। बीती रात वे एक परिचित का हाल जानने अस्पताल गए थे। इसी दौरान उन्होंने अपने एक साथी को पास के पेट्रोल पंप से पानी लाने के लिए भेजा।
वहां पहले से मौजूद कुछ बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथी पर हमला कर दिया। साथी अपनी जान बचाकर अस्पताल के पास भागा। बोबी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उन पर भी मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट की सूचना मिलते ही बोबी के बड़े भाई सौरव सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। जैसे ही सौरव ने भाई को बचाने का प्रयास किया हमलावरों ने देसी कट्टे से उन पर गोली चला दी। गोली सौरव के पेट में लगी और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।
ये भी देखे: Jalandhar Crime: जालंधर में पुरानी रंजिश में फायरिंग, युवक को मारी गोली