चंडीगढ़, 24 फरवरी 2026: हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। इससे पहले कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में सदन के बाहर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और मार्च निकाला।
सत्र के दौरान बुढ़ापा पेंशन को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने सरकार से सवाल किया कि वृद्धावस्था पेंशन की कितनी योजनाएं जांच के नाम पर रोकी गई हैं। उन्होंने पूछा कि 2024 के बाद कितनी पेंशने रोकी गईं और इसका क्या पैमाना है।
जवाब में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने काटी गई पेंशन के आंकड़े गिनाने शुरू किए। इस पर विधायक केहरवाला ने कहा कि इतना समय बर्बाद करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि वेरिफिकेशन के नाम पर कितनी पेंशन रोकी गई हैं।
मंत्री बेदी ने कहा कि तसल्ली तो बैठकर ही करनी पड़ेगी। आप लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर बड़ा पाप किया है। हमारी सरकार तो पेंशन बढ़ाकर उनका सम्मान बढ़ा रही है।
सीएम ने आगे कहा कि मंत्री ने सही जवाब दिया है। अगर कोई शिकायत आती है तो सरकार की जिम्मेदारी है कि जांच कराए। अब कोई पेंशन रोकी नहीं है। सारी पेंशन जारी कर दी गई हैं।
ये भी देखे: हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू, 2 मार्च को बजट पेश होने की संभावना