रांची, 24 फरवरी 2026: झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम चार्टेड प्लेन क्रैश हो गया। रांची से दिल्ली जा रहा एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस प्लेन समरिया के जंगलों में क्रैश हुआ। प्लेन में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई है।
विमान रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L था। फ्लाइट ने रांची एयरपोर्ट से शाम 7:11 बजे उड़ान भरी। मात्र 23 मिनट बाद 7:34 बजे एयरक्राफ्ट का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। थोड़ी देर बाद प्लेन चतरा जिले के समरिया इलाके के घने जंगलों में गिर गया।
प्लेन में सवार लोगों की पहचान
– कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट)
– कैप्टन सबराजदीप सिंह (को-पायलट)
– संजय कुमार (मरीज)
– अर्चना देवी (मरीज के परिजन)
– धूरू कुमार (मरीज के परिजन)
– विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर)
– सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ)
रांची के देवकमल हॉस्पिटल के सीईओ अनंत सिन्हा ने पीटीआई को बताया कि यह एयर एंबुलेंस लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार (41) के लिए बुक की गई थी। संजय को 16 फरवरी को 65 प्रतिशत जलने की हालत में अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी रही। परिवार ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली ले जाने का फैसला किया।
सिन्हा ने बताया कि मरीज को दोपहर करीब 4:30 बजे अस्पताल से एयर एंबुलेंस के लिए रवाना किया गया था। शाम को हुए इस हादसे में मरीज के साथ गए सभी लोग मारे गए।