105 दिन बाद मोगा की निलंबित एडीसी चारुमिता को फिर बहाल किया गया

by Manu
एडीसी चारुमिता

चंडीगढ़, 20 फरवरी 2026: पंजाब सरकार ने लगभग तीन माह से अधिक समय तक निलंबित रहने वाली मोगा की अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) चारुमिता को पुनः सेवा में बहाल कर दिया है। पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा द्वारा जारी आदेशों के अनुसार उनकी बहाली तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। हालांकि, उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच जारी रहेगी और उसका निष्कर्ष आने तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जाएगा।

चारुमिता को 6 नवंबर 2025 को नेशनल हाईवे-703 (धरमकोट-शाहकोट मार्ग) से जुड़े भूमि अधिग्रहण मामले में कथित अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया था। यह मामला तथाकथित डबल मुआवजा विवाद से संबंधित था, जिसमें भूमि मालिकों ने अधिक मुआवजे की मांग को लेकर उच्च न्यायालय का रुख किया था। जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित भूमि वर्ष 1963 से ही संभवतः सरकारी स्वामित्व में थी, बावजूद इसके उसे नए अधिग्रहण के रूप में मानते हुए लगभग 3.7 करोड़ रुपये का अवार्ड पारित किया गया था। जांच एजेंसियों ने इस प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई थी।

2014 बैच की पीसीएस अधिकारी चारुमिता ने शुरू से ही आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने सभी प्रक्रियाओं का पालन किया और कोई व्यक्तिगत लाभ नहीं लिया।

ये भी देखे: मोगा पुलिस ने हेरोइन व ड्रग मनी के साथ दो नशा तस्करों को किया गिरफ्तार

You may also like