तरनतारन में बीएससी नर्सिंग छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी, बाबा फरीद यूनिवर्सिटी में पढ़ती थी

by Manu
तरनतारन नर्सिंग छात्रा

तरनतारन, 20 फरवरी 2026: पंजाब के तरनतारन जिले में श्री गोइंदवाल साहिब स्थित बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के रीजनल सेंटर में बीएससी नर्सिंग की 21 वर्षीय छात्रा ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका की पहचान लुधियाना जिले के धूरकोट गांव निवासी खुशप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह बीएससी नर्सिंग के तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी।

परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी के कुछ प्रबंधकों द्वारा लगातार उत्पीड़न और परेशान करने के कारण खुशप्रीत ने यह कदम उठाया। उसके पिता अमरीक सिंह और मां बलजीत कौर ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से खुशप्रीत यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से हो रहे उत्पीड़न की शिकायत कर रही थी। उसने प्रिंसिपल को भी लिखित और मौखिक शिकायत की थी लेकिन संबंधित शिक्षकों या अन्य छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

परिजनों के अनुसार खुशप्रीत ने उन्हें मोबाइल चैट के माध्यम से अपनी पूरी परेशानी बताई थी। चैट में उसने यूनिवर्सिटी के कुछ लोगों द्वारा मानसिक प्रताड़ना और दबाव डालने की बात कही थी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया जिससे छात्रा और अधिक परेशान हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण किया, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने खुशप्रीत के मोबाइल फोन की चैटिंग और कॉल डिटेल्स जब्त कर ली हैं।

ये भी देखे: PUNJAB BREAKING: तरनतारन लॉ कॉलेज में छात्रा की गोली मारकर हत्या, युवक ने फिर खुद की ली जान

You may also like