हरियाणा का बजट: सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा- 12 हजार से ज्यादा सुझाव मिले, जीडीपी में 12.67% की बढ़ोतरी

by Manu
हरियाणा बजट

चंडीगढ़, 17 फ़रवरी 2026: हरियाणा विधानसभा में 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी बजट प्रदेश की जनता की भावनाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने वाला होगा। उन्होंने बताया कि पिछले बजट के लिए 1 हजार 592 सुझाव मिले थे जिनमें से 706 सुझावों को शामिल किया गया था। इससे लोगों को लगा कि यह सरकार का नहीं बल्कि हमारा बजट है।

सीएम सैनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट के लिए प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने अलग-अलग वर्गों के साथ 13 बैठकें कीं जिनमें 2 हजार 199 सुझाव मिले। इसके अलावा एआई चैटबॉट शुरू किया गया जिसके जरिए प्रदेशवासियों से 12 हजार 400 सुझाव मिल चुके हैं और यह प्रक्रिया अभी भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा- “मेरा वादा है कि आगामी बजट लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं को पूरा करेगा। यह बजट विकसित भविष्य के लिए मजबूत नींव का काम करेगा। लोगों को महसूस होगा कि यह बजट दफ्तर में बैठकर नहीं बल्कि जनता के सुझावों पर बनाया गया है।”

सीएम सैनी ने राज्य की आर्थिक प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 29 जनवरी 2026 को जारी आंकड़ों के अनुसार हरियाणा की जीडीपी 13 लाख 67 हजार 769 करोड़ रुपये पहुंच गई है। गत वर्ष यह 12 लाख 13 हजार 951 करोड़ रुपये थी। एक साल में जीडीपी 12.67 प्रतिशत की दर से बढ़ी है।

प्रति व्यक्ति आय की बात करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय अब 3 लाख 58 हजार 171 रुपये हो गई है जबकि राष्ट्रीय औसत 2 लाख 19 हजार 575 रुपये है। हरियाणा इस मामले में देश के शीर्ष 5 राज्यों में शामिल है। 2014-15 में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 47 हजार 382 रुपये थी यानी अब तक यह 2.5 गुना बढ़ चुकी है।

ये भी देखे: हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू, 2 मार्च को बजट पेश होने की संभावना

You may also like