फाजिल्का के अबोहर में चार साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म, गवाह ने देखा तो फरार हुआ आरोपी

by Manu
दुष्कर्म

अबोहर, 14 फ़रवरी 2026: पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर थाना नंबर एक क्षेत्र में चार साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची के मुंहबोले चाचा ने उसे बहला-फुसलाकर गांव से दूर एक टीले पर ले जाकर गलत हरकत की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

घटना शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अबोहर के एक इलाके में रहने वाली विधवा महिला की चार साल की बेटी को उसका मुंहबोला चाचा गली में खेलते देखकर कुछ दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। आरोपी बच्ची को गांव से दूर एक टीले पर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने आरोपी को ऐसा करते देख लिया। गवाह के पहुंचते ही दुष्कर्मी युवक बच्ची को रोता-बिलखता छोड़कर मौके से फरार हो गया। गवाह ने बच्ची को गोद में उठाकर उसके घर पहुंचाया और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

परिजनों ने तुरंत बच्ची को अबोहर के अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची की हालत देखते हुए पुलिस को सूचना दी। अबोहर अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ न होने के कारण बच्ची को रात में ही फाजिल्का सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां उसकी मेडिकल जांच की गई।

पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार) और POCSO एक्ट के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ये भी देखे: पटियाला में शादी के झांसे में दुष्कर्म, नाबालिग ने बच्ची को जन्म दिया, आरोपी पर पोक्सो एक्ट में केस

You may also like