जालंधर, 14 फ़रवरी 2026: पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी शनिवार को जालंधर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डेरा सचखंड बल्ला में बाबा निरंजन दास के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद गढ़ी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा को जारी नोटिस के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया।
गढ़ी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संविधान और कानून से ऊपर कोई नहीं है। यदि कोई व्यक्ति समाज के किसी वर्ग के सम्मान को ठेस पहुंचाने या उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश करता है तो आयोग एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी की तरह उसके सामने खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों की रक्षा आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चेयरमैन ने आगे कहा कि आयोग तथ्यों के आधार पर पूरी निष्पक्षता से कार्रवाई करेगा। जरूरत पड़ने पर कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक जीवन में दिए गए बयान समाज पर गहरा प्रभाव डालते हैं इसलिए नेताओं को संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
ये भी देखे: चंडीगढ़ में AAP का जोरदार प्रदर्शन, प्रताप बाजवा के बयान पर बवाल, पंजाब SC कमीशन ने बाजवा को किया तलब