बहराइच में पुलिस वाहन ने चार महिलाओं और सात माह की बच्ची को रौंदा, मासूम की मौत

by Manu
Bahraich accident

बहराइच, 11 फ़रवरी 2026: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र स्थित भगवानपुर बाजार में पुलिस के एक बेकाबू वाहन ने सड़क किनारे खड़ी चार महिलाओं और उनकी सात माह की बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची कुसुम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चारों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र के धमौड़ा गांव की रहने वाली ज्ञान देवी (18) मर्रा देवी (30) सुनीता (38) और शन्नो (20) रिश्तेदारी में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने बहराइच आई थीं। साथ में शन्नो की सात माह की बेटी कुसुम भी थी। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे सभी सीतापुर वापस लौटने के लिए भगवानपुर चौराहे पर खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं।

तभी पुलिस का एक वाहन तेज रफ्तार में आया और सीधे उन पर जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्ची और महिलाएं हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़ीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

हरदी थाना पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान सात माह की कुसुम ने दम तोड़ दिया। अन्य चारों महिलाओं को सामान्य चोटें आई हैं। उनका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद वाहन चालक और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी देखे: Sitamarhi accident: सीतामढ़ी में पुलिस वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, माता पिता घायल

You may also like