अमृतसर, 11 फ़रवरी 2026: पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) ने खुफिया सूचना के आधार पर अमृतसर में पाकिस्तान समर्थित एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक संभावित बड़े आतंकी हमले को नाकाम कर दिया। अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक रिमोट कंट्रोल से चलने वाला इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) एक विदेशी निर्मित पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद खेप को अमृतसर के ऑटो किरटो क्षेत्र में एक पूर्व निर्धारित स्थान से जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित अपने हैंडलर के सीधे संपर्क में था। वह एन्क्रिप्टेड डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बचते हुए आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहा था। बरामद रिमोट कंट्रोल आईईडी का इस्तेमाल किसी बड़े हमले को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। समय रहते कार्रवाई से एक गंभीर हादसे को टाल दिया गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस सफलता की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि बरामद आतंकी खेप सीमा पार से पाकिस्तान की ओर से भेजी गई थी। पुलिस ने इसे अमृतसर में ही सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
ये भी देखे: अमृतसर में BKI के आतंकी मॉड्यूल पर पुलिस का बड़ा प्रहार, मलकीत सिंह गिरफ्तार