पटना, 10 फ़रवरी 2026: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को मंगलवार 10 फरवरी 2026 को एमपी-एमएलए कोर्ट से जमानत मिल गई है। यह जमानत धोखाधड़ी से मकान किराए पर लेने और अवैध कब्जा करने के 31 साल पुराने मामले में दी गई है।
मकान मालिक ने पटना के गर्दनीबाग थाने में यह केस दर्ज कराया था। मामला साल 1995 का है। अदालत ने पहले कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया था। इसके बाद गिरफ्तारी वारंट निकला। तीन दिन पहले पप्पू यादव को इस वारंट पर गिरफ्तार किया गया था।
सांसद की जमानत याचिका पर सोमवार को सुनवाई होनी थी लेकिन पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के कारण कोर्ट का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया था। इसलिए सुनवाई टल गई। अगर सोमवार को जमानत मिल जाती तो पप्पू यादव आज बाहर आ सकते थे।
मंगलवार को एमपी-एमएलए कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई की और जमानत मंजूर कर दी। अब जेल प्रशासन रिहाई की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर रहा है। अगर शाम तक रिहाई नहीं हुई तो बुधवार सुबह तक वे बाहर आ सकते हैं।
ये भी देखे: 31 साल पुराने मामले में सांसद पप्पू यादव को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, बेउर जेल में रहेंगे